सूरजपुर: सूरजपुर जिले के ग्राम खरसुरा में जारी संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का वातावरण श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण है। यह  धार्मिक आयोजन 9 अप्रैल 2025 से प्रारंभ हुआ, जिसमें प्रतिदिन शाम 5 बजे से कथा वाचन हो रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत 9 अप्रैल को भव्य कलश शोभा यात्रा एवं वेदी स्थापना के साथ हुई। 10 अप्रैल को श्रीमद् भागवत महात्म्य का पाठ हुआ, जिसने कथा की पवित्रता और महत्व को रेखांकित किया। 11 अप्रैल को श्री शुकदेव जी पूजन, राजा परीक्षित के जन्म और विदुर चरित्र का वर्णन किया गया, वहीं 12 अप्रैल को ध्रुव चरित्र और भगवान नरसिंह अवतार की कथा सुनाई गई।

आज, 13 अप्रैल रविवार को वामन अवतार और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं और गोवर्धन पूजा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आने वाले दिनों में 14 और 15 अप्रैल को कंस वध और रुक्मिणी विवाह की झांकी प्रस्तुत की जाएगी।

16 अप्रैल को श्रीकृष्ण के अन्य विवाहों का वर्णन एवं सुदामा चरित्र का पाठ होगा, जिसके पश्चात फूलों की होली खेली जाएगी। 17 अप्रैल को कथा का समापन परीक्षित मोक्ष प्रसंग, वैराग्य का महत्व, कन्या भोज, पूर्णाहुति एवं श्रद्धा भाव से विसर्जन के साथ किया जाएगा।

यह आयोजन ग्राम खरसुरा पोस्ट करंजी, जिला सूरजपुर, छत्तीसगढ़ के दुर्गा पूजा पंडाल के सामने हो रहा है।आयोजन समिति में अध्यक्ष दौलत राजवाड़े, कोषाध्यक्ष आनंद जायसवाल, सचिव हरदेव राजवाड़े सहित समस्त ग्रामवासी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सरपंच सुनीता धर्मेन्द्र सिंह एवं उपसरपंच राजेश यादव भी आयोजन को सफल बनाने में लगे हैं।

कथा वाचन का सौभाग्य  चन्द्रेश पांडे जी (काशी, उत्तरप्रदेश) को प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में जजमान के रूप में किशोर जायसवाल, गीता जायसवाल, हरदेव प्रसाद राजवाड़े, तुलसी राजवाड़े, बृजभूषण राजवाड़े, गोविंद जायसवाल, पंकज जायसवाल, रिंकू जायसवाल, दौलत राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हो रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!