नई दिल्ली: दिल्ली-यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। हर बीतते दिन के साथ ठंड बढ़ रही है और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार सुबह दिल्ली का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश और बिहार के ज्यादातर इलाकों में गुरुवार घना कोहरा छाया रहा। पंजाब में एक या दो स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाया रहा। वहीं, त्रिपुरा में मध्यम कोहरा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा छाया रहा।बिहार में इस बार दिसंबर की शुरुआत में ही ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। बीते 14 दिनों 8 डिग्री तक तापमान गिर गया है। वहीं तूफान का प्रभाव खत्म होते ही पछुआ के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही। मौसम विज्ञानी एसके पटेल ने बताया कि ठंड में वृद्धि का कारण पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव, दिन के तापमान में भारी गिरावट है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके अलावा लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और सिक्किम में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। IMD के अनुसार, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, लक्षद्वीप और दक्षिणी केरल में हल्की बारिश हो सकती है।

गुरुवार को कश्मीर में भीषण शीतलहर के कारण लोग ठिठुरते हुए दिखे। वहीं, श्रीनगर शहर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जबकि घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। घाटी में तीव्र शीत लहर की स्थिति के कारण कई जलस्रोत जम गए हैं जबकि कई क्षेत्रों में जल आपूर्ति पाइप जाम हो गए हैं। मौसम कार्यालय ने कहा कि 15 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा लेकिन सप्ताहांत में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!