
बलरामपुर: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा जारी फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अर्हता तिथि 01 जनवरी 2024 प्राप्त हुआ है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के तहत् 20 दिसम्बर 2023 से 05 जनवरी 2024 तक मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण, मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करने का कार्य जहां आवश्यक हो मतदाता सूची में धुधली एवं खराब गुणवत्ता वाली फोटो में अच्छी गुणवत्ता वाली तस्वीरों को प्रतिस्थापित किया जाना, अनुभाग-भागों का पुनर्निर्माण एवं सीमाओं के पुनर्गठन और मतदान केन्द्रों की सूची का अनुमोदन प्राप्त किये जाने हेतु प्रस्ताव तैयार किया जाना, कंट्रोल टेबल का अद्यतनीकरण किया जाना, प्रारूप 01 से 08 तैयार किया जाना एवं पूरक सूची तैयार किये जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसके पश्चात् 06 जनवरी 2024 को एकीकृत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। 06 से 22 जनवरी 2024 तक मतदाता सूची प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में दावा-आपत्ति प्राप्त किये जायेगें। इस हेतु 13 जनवरी एवं 14 जनवरी 2024 को जिले के समस्त मतदान केन्द्रों में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। 02 फरवरी 2024 तक प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण की कार्यवाही की जायेगी। 06 फरवरी 2024 तक मतदाता सूची की शुद्धता की जांच कर मतदाता सूची प्रकाशन की अनुमति आयोग से प्राप्त किया जाकर पूरक मतदाता सूची की मुद्रण किया जाना है एवं अंत में 08 फरवरी 2024 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रिमिजियुस एक्का द्वारा भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार सर्व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।



















