
छत्तीसगढ़,एजेंसी: जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में कार चालक की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वह एक घंटे तक दुर्घटनाग्रस्त कार में ही फंसा रह गया। आखिरकार उसने दम तोड़ दिया है। हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। बताया गया कि तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। जिसके चलते ये हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, पुटु केला निवासी कैलाश यादव अपने 2 साथी के साथ जा रहा था। इस बीच वे सेन्द्री मुंडा चौक के पास पहुंचे थे कि उनकी कार एकदम से अनियंत्रित हुई और पेड़ से टकरा गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार को चला रहा कैलाश उसी सामने वाले हिस्से में फंसा गया।
घटना के बाद आस-पास के लोगों ने तीनों को निकालने का काफी प्रयास किया। मगर कैलाश को नहीं निकाल सके। वहीं 2 अन्य को किसी तरह से निकाला गया। इसके बाद पुलिस को भी इस बात की जानकारी दी गई थी। तब पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ड्राइवर कैलाश का गाड़ी से किसी तरह से निकाला गया।
बाद में तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने कैलाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य 2 लोगों का उपचार किया जा रह है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। अब शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।



















