रायपुर: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में छत्तीसगढ़ की महिलाएं त्रस्त हैं, उनकी सुरक्षा दांव पर है। पोषण अभियान योजना में बच्चों को सही ढंग से पोषणयुक्त भोजन नहीं मिल पा रहा है और केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए जो राशि भेज रही है, वह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है।

राज्य सरकार ने ऱेडी टू ईट योजना का काम महिला स्व-सहायता समूहों से छीनकर बीज निगम को सौंपा। इससे प्रदेश की हजारों महिलाओं का रोजगार छिन गया। प्रदेश में शराब, कोल, भर्ती घोटाले जैसे विभिन्न भ्रष्टाचारों और ऐसे तमाम मुद्दों को महिलाओं तक भाजपा महिला मोर्चा पहुंचाएगा।

श्रीनिवासन ने बताया कि मोर्चा की महिलाओं ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए कमर कस लिया है। चुनाव के मद्देनजर शक्ति केंद्रों तक जाकर हर एक महिला से संपर्क किया जाएगा और उनको केंद्र सरकार की योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।

छत्तीसगढ़ व देशभर में एक करोड़ महिलाओं से संपर्क करने का लक्ष्य तय किया गया है। सितंबर के महीने से विभिन्न जनसंपर्क अभियान और युवती सम्मेलनों के तहत छत्तीसगढ़ की हर विधानसभा के विभिन्न वर्गों की महिलाओं से भाजपा महिला मोर्चा संपर्क साधेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!