रायपुर: राज्य सेवा परीक्षा-2021 के लिए करीब 40 हजार आवेदन जमा हो चुके हैं। 30 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। राज्य सेवा परीक्षा के तहत इस बार 20 विभागों के 171 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग(सीजीपीएससी)के माध्यम से परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रीलिम्स 13 फरवरी 2022 का आयोजित की जाएगी।

पिछली बार प्रीलिम्स में 90 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। 30 दिसंबर के बाद यह स्पष्ट होगा कि इस बार परीक्षार्थियों की संख्या कम होगी या ज्यादा। पिछले कुछ वर्षों से राज्य सेवा परीक्षा के लिए छात्रों की रुझान बढ़ा है। इसलिए माना जा रहा है कि इस बार भी बड़ी संख्या में आवेदन मिलेंगे। पिछली बार यानी पीएससी-2020 के तहत राज्य सेवा के 175 पदों पर भर्ती हुई थी। इस बार 171 पदों पर भर्ती होगी। इस तरह से पिछली बार की तुलना में 4 पद कम हैं। इसमें डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी, नायब तहसीलदार, वित्त सेवा अधिकारी, जिला अबकारी अधिकारी, श्रम पदाधिकारी, रोजगार अधिकारी, सहायक जेल अधीक्षक समेत अन्य पद हैं। इस बार डिप्टी कलेक्टर के 15 और डीएसपी के 30 पद हैं। इसी तरह नायब तहसीलदार के 30, वित्त सेवा अधिकारी के 10, सहायक जेल अधीक्षक के 17 पद हैं। इसके अलावा अन्य सेवाओं के पद भी हैं।

पीएससी-2021 के लिए प्रारंभिक परीक्षा 13 फरवरी को होगी। इसका आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली के तहत सुबह 10 से 12 तक परीक्षा होगी। जबकि दूसरी पाली में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी तरह मुख्य परीक्षा 26, 27, 28 और 29 मई को आयोजित की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!