
अंबिकापुर: वन, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव आर संगीता ने जिला प्रवास के दौरान बुधवार को रामगढ़ में राम वन गमन पर्यटन परिपथ अंतर्गत प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दी। उन्होंने बेहतर कार्य योजना बनाकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय पर पूरा करने कहा। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक नावेद शुजाउद्दीन, कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं वनमंडलाधिकारी पंकज कमल भी साथ थे।
वन सचिव ने रामगढ़ की पहाड़ी पर स्थित पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्व के गुफाओं का भी अवलोकन किया और रामगढ़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। रामगढ़ में वन विभाग द्वारा राम वन गमन पर्यटन परिपथ अंतर्गत निर्माण कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए आगामी फरवरी-मार्च माह तक निर्माण कार्य पूरा करने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा गुणवत्ता की मॉनिटरिंग के लिए एक सुपरवाइजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य मे उपयोग किये जा रहे फ्लाई ऐश की ईंट में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। सचिव ने कहा कि राम वन गमन पर्यटन परिपथ राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं में से है। अति महत्व देते हुए समय पर निर्माण कार्य पूरा करने हर स्तर पर आवश्यक पहल करें। राज्य स्तर पर पर्यटन विभाग से भी आवश्यक समन्वय कर कार्य में तेजी लाएं।
ज्ञातव्य है कि तहत राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत रामगढ़ में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से वन विभाग द्वारा कई निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इसमें भगवान राम की 25 फीट ऊंचाई की प्रतिमा स्थापित करने हेतु 12 फीट ऊंचाई की प्लेटफार्म का निर्माण किया जा रहा है इसके साथ ही भव्य प्रवेश द्वार भी बनाया जा रहा है।



















