
अंबिकापुर: अम्बिकापुर में एक सख्श ने अपने लिव-इन पार्टनर की गला दबाकर हत्या कर दी। महिला किसी दूसरे सख्श से बात करती थी। इस वजह से महिला और आरोपी का विवाद होता रहता था। लेकिन इस बार फिर से जब विवाद हुआ तब आरोपी ने उसे मार डाला। पुलिस ने 48 घंटे के अंदर हत्या की इस गुत्थी को सुलझा लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला गांधीनगर थाना इलाके का है।
दरअसल, अम्बिकापुर शहर के सुभाषनगर क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय सविता सिंह सब्जी बेचने का काम करती थी। उसकी दो बेटियां भी है। सविता के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद वह बलरामपुर जिले के रहने वाले 50 वर्षीय कुंजलाल के साथ पिछले दो महीने से रह रही थी। कुंजलाल मजदूरी करता था। उसका आए दिन सविता से विवाद होता रहता था। इस बीच बुधवार को सविता सब्जी बेचने के लिए बाजार नहीं गई। तब उसके पड़ोसी को संदेह हुआ और पता लगाने के लिए महिला के घर पहुंची। उस दौरान शाम का वक्त था। घर पहुंचने के बाद पड़ोसी ने सविता की बेटियों से मुलाकात कर बातचीत की।
तब उसकी बेटियों ने बताया कि, उसकी मां घर के अंदर है। हमलोग सुबह से घर पर नहीं थे, और अभी ही आए है। इसके बाद जब सविता की बेटियां कमरे के अंदर गई। तब उन्होंने अपनी मां की लाश देखी। लाश देखने के बाद उन्होंने सबसे पहले इसकी जानकारी पड़ोसी को दी। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। तब पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की गई। तो पता चला कि, महिला के साथ कुंजलाल रहता था, और उन दोनों की बनती नहीं थी।
इतना पता चलने के बाद गांधीनगर पुलिस टीम बलरामपुर में कुंजलाल के मूल निवास पिपरौल में दबिश दी। इधर पुलिस के आने की जानकारी मिलते ही आरोपी कुंजलाल जंगल की तरफ भागने लगा। तब पुलिस ने उसका पीछा किया और जंगल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर अम्बिकापुर लाया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। कुंजलाल ने बताया कि, सविता किसी दूसरे सख्श से बात करती थी। मैंने उसे कई बार समझाया भी था। इसलिए बुधवार को मैंने उसकी हत्या कर दी।
सरगुजा पुलिस ने शुक्रवार को इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, आरोपी कुंजलाल पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका था। वर्तमान में अम्बिकापुर में आकर रह रहा था। फिलहाल, उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।



















