
अम्बिकापुर: कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया है कि केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर में 3 बंदी सजा काट रहे थे। इस दौरान उनका स्वास्थ्य खराब होने के कारण मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। कलेक्टर ने बंदियों के मृत्यु के कारणों की जांच के लिए डिप्टी कलेक्टर सीएस पैकरा को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना कुसमी के ग्राम सुरबेना निवासी बखरू राम, सरगुजा जिले के अजिरमा बंगालीपारा के शिबु बर्मन एवं बतौली के प्रकाश मिंज केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर में सजा भुगत रहे थे।
कलेक्टर ने जांच के लिए बिंदु निर्धारित किए हैं। जेल प्रवेश के समय प्रत्येक बंदी के स्वास्थ्य की क्या स्थिति थी। बंदी कब बीमार हुआ तथा उसे ईलाज के लिए जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर कब भेजा गया। क्या बंदी अचानक बीमार हुआ और उसकी मृत्यु हो गई। बंदी का ईलाज कब-कब और किसके द्वारा किया गया। उसे कौन-कौन सी औषधियां दी गई। क्या बंदी को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। बंदी को समय पर चिकित्सा उपलब्ध कराने में कोई लापरवाही बरती गई। यदि ऐसा है तो बिलंब या लापरवाही के लिए दोषी अधिकारी-कर्मचारी कौन-कौन हैं। बंदी के साथ कोई अमानुषिक कृत्य तो नहीं किया गया जिससे बंदी की मृत्यु हुई हो। क्या बंदी को शारीरिक या मानसिक यातना दी गई यदि ऐसा हो तो इसके लिए दोषी अधिकारी-कर्मचारी कौन-कौन हैं। कलेक्टर ने एक माह में जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।



















