
अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
अम्बिकापुर: मैनपाट महोत्सव में इस बार अतिथियों को गढ़ कलेवा में तैयार किए गए व्यंजन की व्यवस्था की जाएगी जिससे अतिथि गढ़ कलेवा के माध्यम से छत्तीसगढ़ी व्यंजन का लुत्फ उठाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के उत्पाद भी रखे जाएंगे। महोत्सव की तैयारी हेतु कलेक्टर संजीव कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले ने मंगलवार को मैनपाट महोत्सव स्थल पहुंचकार जायजा लिया। उन्होंने सफल आयोजन हेतु अधिकारियां को जरूरी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तैयारियों का निरीक्षण करते हुए मुख्य मंच की साज-सज्जा सहित साउंड सिस्टम, विभागीय स्टालों तथा बैठक व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य मंच एवं दर्शक दीर्घा में एलइडी लगाने के साथ ही अम्बिकापुर शहर में भी तीन स्थानों पर भी एलइडी लगाने के निर्देश दिए। इस एलइडी में महोत्सव का लाइव प्रसारण किया जाएगा ताकि लोग शहर में रहकर महोत्सव का आनंद उठा सकें।
कलेक्टर ने मैनपाट महोत्सव में पहली बार आयोजित हो रहे कुश्ती प्रतियोगिता की तैयारी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कुश्ती प्रतियोगिता के लिए आयु वर्ग एवं वजन के अनुसार प्रतिभागियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एंडवेंचर स्पोर्टस एवं बोटिंग की भी जानकारी लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। महोत्सव में व्हीआईपी हेतु 3000, व्ही व्हीआईपी हेतु 600 तथा मीडिया प्रतिनिधियों के लिए 200 बैठक व्यवस्था की गई है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, नगर निगम आयुक्त विजय दयाराम के , अपर कलेक्टर एएल धु्रव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।



















