
सूरजपुर: स्वतंत्रता दिवस के 77 वीं वर्षगांठ के अवसर पर सूरजपुर जिले में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्टेडियम ग्राउंड में मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम (छत्तीसगढ़ योजना आयोग के अध्यक्ष) द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात परेड की सलामी लेकर मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने जिले वासियों के लिए संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम स्थल पर शॉल व श्रीफल देकर शहीद के परिवारों का सम्मान भी किया गया और सादगी पूर्वक स्वतंत्रता दिवस के इस पर्व को मनाया गया। जिसमें उन्होंने सफेद, हरे और नारंगी रंग के गुब्बारों को आसमान की दिशा में छोड़ा जिसने आकाश में एक अलग ही छंटा बिखेर दी।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम द्वारा ठीक सुबह 09 बजे ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आम जनता के नाम के संदेश का वाचन किया व साथ ही एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने समर्पण भाव के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने शासन के समावेशी नीतियों का जिक्र भी किया जिसमें गांव, शहर, समाज, संस्कृति और आधुनिकता सभी का मेल है।
कार्यक्रम में मार्चपास्ट भी किया गया। जिसमें छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरुष, जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, नगर सैनिक बल पुरूष, नगर सैनिक बल महिला, एनसीसी बालक, स्काउड गाईड बालक एवं बालिका, इत्यादि शामिल थे। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों कि छात्रों के द्वारा संस्कृत कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुति भी की गई।
इसके साथ साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभाग के 94 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस की इस पावन समारोह में राजू सिंह, कलेक्टर संजय अग्रवाल, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, जिला पंचायत सीईओ लीना कोसम, संयुक्त कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, डॉ. प्रियंका वर्मा, एसडीएम रवि सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि और जिला व पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।



















