
कोरिया: कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने हत्या के पीछे पत्नी के चरित्र पर शक और घरेलू विवाद का कारण बताया है।
जानकारी के अनुसार राजेश कुमार सिंह, निवासी सिंगपानी, सोनहत, ने पटना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन सुनीता सिंह, जिसका विवाह 2011-12 में महादेवपारा हथवर के निवासी विशाल सिंह से हुआ था, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विशाल सिंह ने 11 नवंबर 2024 की सुबह फोन कर प्रार्थी को बताया कि उसकी बहन को पेट दर्द है और वह बेहोश है। जब राजेश अपनी बहन के घर पहुंचा, तो उसने सुनीता के शरीर पर चोट के निशान देखे, जिससे उसे हत्या की आशंका हुई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद पासवान ने मामले को पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के संज्ञान में लाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक कविता ठाकुर और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हुआ, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 316/2024, धारा 103(1) और 238 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने घटना स्थल पर मौजूद गवाहों से पूछताछ की, जिन्होंने बताया कि आरोपी विशाल सिंह शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी से झगड़ा करता था। घटना के बाद से वह फरार था। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में विशाल ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि पत्नी पर चरित्र शंका के कारण उसने 11 नवंबर की रात करीब 11 बजे सुनीता का गला साड़ी से घोंट दिया। इसके बाद पास में रखे लोहे की फाइल से उसके माथे पर वार किया और बांस का डंडा उसके निजी अंग में डाल दिया, जिससे सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी विशाल सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी महादेवपारा, हथवर, को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। मौके से हत्या में प्रयुक्त लोहे की फाइल और बांस का डंडा जब्त किया गया है।



















