
कोरिया: कोरिया वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन से शुरू हुआ बहरासी गौठान के स्वसहायता समूह की महिलाओं का आजीविका का सफर आज सात अलग-अलग आय मूलक आजीविका गतिविधियों तक पहुंचा है। विकासखण्ड भरतपुर के दौरे पर पहुंचे कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ग्राम बहरासी में गौठान का निरीक्षण किया। यहां 5 से ज्यादा समूह की महिलाओं द्वारा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, केंचुआ उत्पादन, मशरूम उत्पादन, फूल झाड़ू निर्माण, दोना-पत्तल निर्माण, स्टेशनरी अंतर्गत रजिस्टर निर्माण, सामुदायिक बाड़ी, मछली पालन और लघु वनोपज खरीदी का काम किया जा रहा है। कलेक्टर ने गौठान में समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के इस जज्बे को सराहा और बेहतर काम करने हौसला अफजाई की।
कलेक्टर ने महिलाओं से आजीविका, मार्केटिंग, एवं लाभांश ली जानकारी, वर्मी खाद से कमाए 86 हज़ार रुपये
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान महिलाओं से आजीविका गतिविधि, निर्मित वस्तुओं के मार्केटिंग, विक्रय एवं लाभांश के विषय में जानकारी ली। वर्मी कम्पोस्ट निर्माण करने वाले मां दुर्गा स्वसहायता समूह ने बताया कि अब तक उन्हें वर्मी खाद विक्रय से उन्हें 86 हज़ार रुपये तक की आय हुई है। इसी समूह द्वारा गौठान में मशरूम उत्पादन भी किया जा रहा है। कलेक्टर ने आरती स्व-सहायता समूह द्वारा झाड़ू निर्माण का अवलोकन करते हुए महिलाओं से निर्माण प्रक्रिया पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। लक्ष्मी स्व-सहायता समूह द्वारा सामुदायिक बाड़ी एवं मछली पालन और समता स्व-सहायता समूह द्वारा लघु वनोपज खरीदी का काम किया जा रहा है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कुणाल दुदावत भी मौजूद रहे।
देवगढ़ गौठान पहुंचे कलेक्टर, मशरूम हब के तौर पर उत्पादन बढ़ाने के निर्देश
भ्रमण के दौरान देवगढ़ गौठान में कलेक्टर ने मशरूम उत्पादन का अवलोकन किया। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत महिलाओं को समूह में गठित किया गया है और अजीविका की राह से जोड़ा गया है। इसी कड़ी में गौठान में महिलाओं द्वारा मशरूम उत्पादन किया जा रहा है। कलेक्टर ने उत्पादन बढ़ाते हुए देवगढ़ गौठान को मशरूम हब के तौर पर तैयार करने के निर्देश जिला मिशन प्रबंधक को दिए। जिससे पूरे विकासखण्ड स्तर पर एक ही गौठान से मशरूम आपूर्ति और मार्केटिंग की जा सके।
जब वर्तमान कलेक्टर मिले भावी कलेक्टर से…..
देवगढ़ गौठान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की मुलाकात ओमप्रकाश से हुई। ओमप्रकाश ने बताया कि वह कक्षा 3 में पढ़ता है। कलेक्टर ने बातों बातों में ओमप्रकाश से 7 का पहाड़ा पूछा। आत्मविश्वास से लबरेज़ ओमप्रकाश से एक सांस में ही पहाड़ा पूरा किया। कलेक्टर ने खुश होकर पूछा – बड़े होकर क्या बनोगे, तब ओमप्रकाश ने कहा – कलेक्टर। ओमप्रकाश के हौसले आत्मविश्वास से प्रभावित होकर कलेक्टर ने उसे पुष्प गुच्छ और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।



















