
बलरामपुर: संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए जिले में स्वीकृत गौठानों में चल रहे निर्माण कार्य अपूर्ण एवं अप्रारंभ होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी निर्माण कार्यों को शीध्र पूर्ण करने तथा सभी गौठानों अधिक से अधिक गोबर खरीदी करने के निर्देश दिये। उन्होंने बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों के निराकरण की गहन समीक्षा की।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की गहन समीक्षा करते हुए राजस्व व आवर्ती चराई गौठानों में चल रहे निर्माण कार्यों की विकासखण्डवार समीक्षा की। कलेक्टर ने स्वीकृत गौठानों में निर्माण कार्य अपूर्ण एवं अप्रारंभ होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने करने के निर्देश दिये। उन्होंने राजस्व व आवर्ती चराई गौठानों में अधिक से अधिक गोबर खरीदी करने तथा जिन गौठानों में गोबर खरीदी कर खरीदी छोड़ दी गई है वहां पुनः खरीदी प्रारंभ करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखण्ड में कम से कम 10 गौठानों को ग्रामीण औद्योगिक पार्क हेतु चयनित करने को कहा। उन्होंने मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी से भी प्रत्येक विकासखण्ड के 10 गौठानों में डबरी निर्माण करने के निर्देश दिये। गौठानों में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट खाद के विक्रय की जानकारी सहकारी समिति के अधिकारी से ली। उन्होंने गौठानों में संचालित मल्टीएक्टिविटी संचालन हेतु कृषि, मत्स्य, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग द्वारा बनाये गये कार्ययोजना के संबंध में जानकारी ली।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित हाई कोर्ट, सिविल कोर्ट, जन शिकायत पोर्टल, मुख्यमंत्री जनचौपाल, कलेक्टर जनदर्शन, लोक सेवा केन्द्र में लंबित सभी प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों पर सभी संबंधित विभाग को समय पर जवाब दवा प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी से वन अधिकार पट्टा के लंबित प्रकरणों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रीता यादव, अपर कलेक्टर एस.एस.पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर एच.एल.गायकवाड़ व आर.एन.पाण्डेय, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व तहसीलदार सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।



















