
बलरामपुर: कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से संचालित हो एवं धान बेचने में किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो इस उद्देश्य से धान खरीदी केन्द्रों के नोडल अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये, इसके साथ ही उन्होंने ऐसे धान खरीदी केन्द्र जहां धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, उन्हें धान का उठाव जल्द से जल्द सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने नोडल अधिकारियों को खरीदी केन्द्र में निर्धारित रोस्टर के आधार पर ही धान खरीदी करने के निर्देश दिये, साथ ही प्रतिदिन जारी किये जाने वाले टोकन का सत्यापन नोडल अधिकारी एवं पटवारी से करने को कहा। उन्होंने लघु एवं सीमांत किसानों का धान प्राथमिकता से खरीदी करने के निर्देश दिये, इसके साथ ही कलेक्टर ने कहा कि जिन खरीदी केन्द्रों में धान उठाव के लिए डीओ जारी हो गया है, उन खरीदी केन्द्रों के नोडल अधिकारी धान का उठाव निर्धारित अवधि में करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने धान खरीदी में अनियमितता पाये जाने पर महावीरगंज धान खरीदी केन्द्र के नोडल अधिकारी एवं पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग ने कहा कि धान खरीदी हेतु शासन स्तर पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए धान की खरीदी करना सुनिश्चित करें, ताकि धान खरीदी सुचारू रूप से चलता रहे और कानून व्यवस्था बनी रहे।
इस बैठक में अपर कलेक्टर एस.एस. पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) प्रशांत कतलम, धान खरीदी के जिला नोडल अधिकारी अनमोल विवेक टोप्पो, खाद्य अधिकारी एस.बी.काम्ठे, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित धान खरीदी से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



















