अंबिकापुर:सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना अंतर्गत ग्राम कोलडीहा में 20 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर में फांसी में झूलता मिला है। पुलिस ने बुधवार को शव को शव को फंदे से उतारकर पीएम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद विवाहिता का पति एवं ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए हैं। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने दहेज में चारपहिया वाहन एवं बाइक की मांग करते हुए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कोलडीहा निवासी विवाहिता यशोदा यादव 20 द्वारा घर में फांसी लगा लिए जाने की सूचना बीती रात गांधीनगर पुलिस को मिली। बदौली, कल्याणपुर निवासी यशोदा यादव का विवाह 02 मई 2023 को कोलडीहा निवासी विजय यादव के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से विजय यादव सहित उसके सास, ससुर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
15 को लेकर आए थे मायके से

मृतका के भाई अशोक यादव ने बताया कि दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं मारपीट करने की जानकारी मिलने पर वे यशोदा को 31 दिसंबर को घर ले गए थे। उसके बाद विजय यादव के बड़े पिता जग्गू यादव मृतिका के घर पहुंचे और अपनी जिम्मेदारी लेते हुए परिजनों से बातचीत कर 15 जनवरी को वापस कोलडीहा लेकर आए थे। इस दौरान मृतिका का पति भी साथ में ही था।

परिजन पहुंचे तो फरार था ससुराल पक्ष

यशोदा यादव ने बीती शाम घर में फांसी लगा ली थी। ग्राम बदौली का व्यक्ति कोलड़ीहा पहुंचा जिसे यशोदा के फांसी लगाने की बात पता चली तो उसने मायके पक्ष को सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो घर में ताला लगाकर विजय यादव सहित मृतका के सास, ससुर फरार थे। घटना की सूचना गांधीनगर पुलिस को दी गई।


पुलिस ने पीएम के लिए भेजा शव
बुधवार को सीएसपी स्मृतिक राजनाला, एफएसएल प्रभारी कुलदीप कुजुर गांधीनगर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पंचनामा पश्चात् पीएम के लिए भेज दिया है। संषर्घ के निशान नहीं मिलने पर पुलिस ने आशंका जताई है कि यशोदा यादव ने स्वयं फांसी लगाई है। आंगन में उसकी टूटी चूड़ियां एवं टूटी कुर्सी व अन्य सामान मिले हैं, जिससे आशंका है कि विवाद एवं मारपीट के बाद विवाहिता ने फांसी लगाई है।


सभी पहलुओं पर की जा रही जांच

सीएसपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पीएम के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!