रायपुर: छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब बदलने वाला है और कड़ाके की ठंड शुरू होने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में उत्तर पूर्व से शुष्क व ठंडी हवाओं के लगातार आने से मौसम में यह बदलाव होने वाला है। अगले तीन दिनों में प्रदेश में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है, इससे ठंड में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष वर्षा अच्छी हुई है और इसके प्रभाव से ठंड भी अच्छी रहेगी।

गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ। दिन में थोड़ी गर्मी का अहसास व रात में ठंड बढ़ने लगी है। ग्रामीण क्षेत्रों व आउटर में ठंडज्यादा बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से तो ठंड में और बढ़ोतरी होगी। गुरुवार को प्रदेश भर में कृषि विज्ञान केंद्र नारायणपुर व कोरिया सबसे ठंडा रहे,इनका न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर का न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य रहा। अभी बिलासपुर क्षेत्र में ठंड का प्रभाव ज्यादा है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मौसम का मिजाज बदल रहा है और ठंड में बढ़ोतरी होगी। उत्तर पूर्व से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान गिरेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!