
रायपुर: राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन भी प्रभाव हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। जिसके चलते प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले पूरी तरह से उफान पर है। जबकि आज भी रायपुर सहित कई जिलों में सुबह से ही तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बारिश की संभावना को देखते हुए अगले 24 से 48 घंटे तक छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश होगी।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून द्रोणिका के साथ ही प्रदेशभर में निम्न दाब का क्षेत्र बन रहा है। इसके अगले 24 से 48 घंटे में और प्रबल होकर अवदाब के रूप में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में भारी से अति भारी वर्षा होने के आसार हैं। शनिवार को सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे। साथ ही कई क्षेत्रों में हल्की से भारी वर्षा हुई। लगातार वर्षा के चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
रायपुर का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र डूमरबहार में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका व निम्न दाब के प्रभाव से मंगलवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।
पाली 14 सेमी, चांपा-बिलासपुर-बोदरी में आठ सेमी, बिल्हा-सीपत-कोरबा में सात सेमी, पामगढ़-तखतपुर-कोरबा में छह सेमी, रायगढ़-कटघोरा-पिथौरा में पांच सेमी वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश के अधिकांश सभी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है।



















