
हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दारोगा ने शादी का झांसा देकर 8 सालों तक गर्लफ्रेंड का यौन शोषण किया। लेकिन बाद में दारोगा ने शादी से इनकार कर दिया और एक दूसरी युवती से शादी करने की कोशिश की। लेकिन शादी से 8 दिन पहले दारोगा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
हाजीपुर के बिदुपुर थाना में राहुल कुमार सब इंस्पेक्टर के रूप में तैनात हैं। उनकी उम्र 28 साल है और वह मूल रूप से जमुई जिले के रहने वाले हैं। राहुल जब पढ़ाई कर रहे थे तो 2017 में बेगुसराय की एक लड़की के साथ उनका अफेयर हो गया। राहुल और वह लड़की एक साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने लगे। राहुल और उनकी गर्लफ्रेंड के बीच शारीरिक संबंध भी बन गए। इस बीच राहुल की सरकारी नौकरी लग गई और वह साल 2024 में दारोगा बन गए।
इस दौरान राहुल को पुलिस विभाग की ही एक लड़की से प्यार हो गया। ये दूसरी लड़की वैशाली जिले की रहने वाली है। राहुल, इस दूसरी लड़की के साथ 3 मार्च 2025 को शादी भी करने वाले थे। लेकिन इस बात का पता राहुल की गर्लफ्रेंड को चल गया और उसने हाजीपुर के महिला थाने में दारोगा राहुल कुमार के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण का मामला दर्ज करवाया। पीड़ित लड़की ने पुलिस के सामने कई सबूत भी दिए, जिससे ये साबित हुआ कि राहुल उस लड़की के साथ अफेयर में थे।
इसके बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित लड़की की शिकायत पर राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया और राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बता दें कि राहुल जिस दूसरी लड़की के साथ शादी के चक्कर में था, उससे जुड़ी तिलक की रसम 24 फरवरी को होने वाली थी। लेकिन पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपी दारोगा राहुल कुमार को 24 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी गोपाल मंडल का सामने आया बयान
DSP गोपाल मंडल ने दरोगा के ऊपर लगे आरोप को लेकर बताया, ‘बिदुपुर थाने में तैनात राहुल नाम के दरोगा के ऊपर एक लड़की द्वारा शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया है। लड़की द्वारा साक्ष्य दिए गए हैं, जिससे यह साबित हुआ है कि यह मामला सही है। प्राथमिकी दर्ज कर दरोगा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।’



















