
भोपाल: भोपाल में यात्रियों की टिकट चेक करने सिटी बस में चढ़ी महिला ने कंडक्टर को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे। घटना 12 अप्रैल की है, लेकिन वीडियो शुक्रवार को सामने आया।
बताया जाता है कि 12 अप्रैल को दोपहर में कोच फैक्टरी से कोलार तक चलने वाली सिटी बस में दो महिलाएं चढ़ीं। बोर्ड ऑफिस पास इनमें से एक महिला यात्रियों के टिकट चेक करने लगी। इस पर मौजूद यात्रियों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। जब कंडक्टर लखन पत्रे ने उसे रोका, तो वह अभद्रता करने लगी। इसी बीच, दोनों के बीच जमकर कहासुनी हो गई। महिला ने कंडक्टर को थप्पड़ मार दिया। फिर दोनों में झूमाझटकी और मारपीट शुरू हो गई।
कंडक्टर पत्रे ने बताया कि महिला खुद को बीसीएलएल की कर्मचारी बता रही थी। उसका कहना था कि उसे टिकट चेक करने का अधिकार है। इस बारे में बीसीएलएल के डिपो में बात की गई तो ऐसी कोई महिला कर्मचारी नहीं निकली। चूंकि, महिला ने मारपीट शुरू कर दी थी। इसलिए हबीबगंज थाने में बस लेकर गए और महिला को पुलिस के हवाले किया। बताया जाता है कि महिला मानसिक रूप से डिस्टर्ब है, इसलिए उसे पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया।
उक्त महिला के गले में एक आईडी लगी हुई थी। इस कारण पहले यात्री उसे बीसीएलएल की कर्मचारी ही समझे। बाद में पता चला कि यह आईडी हॉस्पिटल की थी। मामले में कोई केस दर्ज नहीं कराया गया है।



















