
नई दिल्ली, जेएनएन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (अपने आस्ट्रेलियाई समकक्ष स्काट मारिसन के साथ आज बातचीत करेंगे। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच ये दूसरी वर्चुअल शिखर वार्ता होगी। शिखर वार्ता में दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
शिखर सम्मेलन में भारत में ऑस्ट्रेलियाई सरकार द्वारा अब तक का सबसे बड़ा व्यापार समझौता होने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि कैनबरा भारत में कई क्षेत्रों में 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा कर सकता है। इस महीने के अंत तक दोनों देशों के बीच जल्द फसल समझौता होने की भी उम्मीद है। फसल समझौते का उद्देश्य दोनों देशों या व्यापारिक ब्लॉकों के बीच कुछ सामानों पर व्यापार शुल्क को कम करना है।
खनिजों के क्षेत्र में एमओयू पर होंगे हस्ताक्षर
सूत्रों के अनुसार, दोनों देश महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करेंगे। इससे भारत की ऑस्ट्रेलिया में धातु और लिथियम के क्षेत्र में पहुंच बढ़ेगी। ये समझौता इलेक्ट्रिक वाहनों और बढ़ते बुनियादी ढांचे के लिए भारत की बढ़ती मांग को पूरा करेगा। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय कोयला और खनन मंत्री प्रल्हाद जोशी आस्ट्रेलिया का दौरा जल्द कर सकते हैं।
2020 में हुई थी पहली वर्चुअल शिखर वार्ता
बता दें कि दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच पहली वर्चुअल शिखर वार्ता जून 2020 में हुई थी। उस दौरान व्यापक रणनीतिक साझेदारी के लिए कई फैसले भी लिए गए थे। हालांकि इस बार व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, प्रवास और गतिशीलता और शिक्षा में घनिष्ठ सहयोग पर चर्चा होने की उम्मीद है।
यूक्रेन मुद्दे पर भी चर्चा संभव
इसके अलावा, दोनों देशों के नेताओं के बीच आज यूक्रेन के मुद्दे पर भी चार्चा हो सकती है। बता दें कि 24 फरवरी को रूस ने यूक्रेन पर हमले का एलान किया था। बता दें कि युद्ध में अब तक दोनों देशों के कई लोग मारे जा चुके हैं।



















