अम्बिकापुर: त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जिले के विकासखंड अंबिकापुर, लखनपुर एवं उदयपुर में प्रथम चरण का मतदान 17 फरवरी को प्रातः 07 बजे से 03 बजे तक संपन्न होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  विलास भोसकर के मार्गदर्शन में सरगुजा जिले में प्रथम चरण के अंतर्गत संपन्न होने वाले मतदान एवं मतगणना कार्य को स्वतंत्र, निष्पक्ष, और शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान एवं मतगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को तृतीय चरण का प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ मतदान केन्द्रों में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने हेतु सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। आज शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अंबिकापुर में मतदान समाग्री का वितरण सामान्य प्रेक्षक डॉ संतोष कुमार देवांगन, जिला पंचायत सीईओ  विनय कुमार अग्रवाल, एसडीएम  फागेश सिन्हा की उपस्थिति में मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण किया गया। मतदान दलों ने मतदान सामग्री मिलान कर अपने गंतव्य मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए एवंलखनपुर एवं उदयपुर जनपद पंचायत कार्यालय से मतदान दलों को सामग्री वितरण कर मतदान केंद्र की ओर रवाना किया गया।

उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए 18 सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पंचायत मतदान हेतु कुल 2835 से अधिक अधिकारी कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें रिजर्व 168, अतिरिक्त रिजर्व 70 अधिकारी कर्मचारी को नियुक्त किया गया है, जनपद पंचायत अम्बिकापुर में 1345, रिजर्व 88, अतिरिक्त रिजर्व 42 अधिकारी कर्मचारी हैं। जनपद पंचायत लखनपुर में 860, रिजर्व 40, अतिरिक्त रिजर्व 20 अधिकारी कर्मचारी की नियुक्ति की गई है। जनपद पंचायत उदयपुर में 630, रिजर्व 40, अतिरिक्त रिजर्व 8 अधिकारी कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1134 से अधिक पुलिस एवं नगरसेना के जवानों को तैनात किया गया है। अम्बिकापुर में 84 बस एवं 30 छोटे वाहन, उदयपुर में 32 बस,12 छोटे वाहन, और लखनपुर में 33 बस एवं 22 छोटे वाहनों की व्यवस्था की गई है।

त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन में चार रंगों के मतपत्र से मतदान होंगे। जिसमें पंच के लिए सफेद, सरपंच के लिए नीला, जनपद पंचायत सदस्य के लिए पीला, जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग निर्धारित किए गए हैं।पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य हेतु क्षेत्र क्रमांक 01 से 07 तक निर्वाचन होगा। जिसमें क्षेत्र क्रमांक 1 में 2, 2 में 4,  3 में 6, 4 में 9, 5 में 9, 6 में 10 और 7 में 6 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में है।

अम्बिकापुर जनपद पंचायत सदस्य के लिए 25 पदों के लिए 164 अभियार्थी चुनावी मैदान में हैं। कुल 101 ग्राम पंचायत है। जिसमें 2 ग्राम पंचायत निर्विरोध सरपंच चुने गए हैं। ग्राम पंचायत मेण्ड्राखुर्द से हीरामणि सोन पाकर, ग्राम पंचायत बलसेड़ी से  हुपलाल सिंह निर्विरोध हैं। वहीं शेष 99 ग्राम पंचायत में सरपंच पद हेतु 491 अभ्यर्थी, पंच के कुल 1414 पद हैं जिसमें 658 पदों में निर्विरोध एवं 15 पद रिक्त हैं। शेष 741 पंच के लिए 1764 अभियार्थी चुनाव लड़ रहे हैं। जनपद पंचायत अम्बिकापुर में पुरुष मतदाता 62,771 एवं महिला मतदाता 64,814 एवं थर्ड जेंडर मतदाता 3 है। इस प्रकार कुल 1,27,588 मतदाता मतदान करेंगे। जिसके लिए 269 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

उदयपुर जनपद पंचायत में सदस्य पद के कुल 13 पद हैं जिसमें 73 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं, सरपंच के 59 पद हेतु 263 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं, पंच पद के लिए कुल 732 अभ्यर्थी हैं। जिसमें से 354 पद निर्विरोध, शेष 378 पद हेतु 892 अभ्यर्थी चुनाव में भाग ले रहे है। पुरूष मतदाता 30279, महिला 30563 एवं थर्ड जेंडर 2 हैं। विकासखंड में कुल 60842 मतदाता है। जिसके लिए कुल 126 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इसी प्रकार लखनपुर जनपद पंचायत में जनपद सदस्य हेतु 18 पद हैं जिसमें कुल अभ्यर्थी 125 चुनाव लड़ रहे हैं। सरपंच पद हेतु कुल 74 पद हैं। जिसमें 3 ग्राम पंचायत निर्विरोध चुने गए हैं। जिसमें ग्राम पंचायत गणेशपुर से वृक्षमनिया, ग्राम पंचायत गुमगराकला श्रीमती कलावती सिंह उर्रे, और ग्राम पंचायत पर्री से श्रीमती मानकुमारी सिंह निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं 01 पंचायत में रिक्त पद हैं। शेष 70 ग्राम पंचायत में 271 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं। पंच हेतु कुल 970 पद हैं जिसमें 517 पद निर्विरोध चुने गए हैं। 07 नामांकन खारिज हुए वहीं 16 स्थानों पर नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत नहीं किए गए।शेष 430 पदों पर 987 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं। पुरुष मतदाता 42703, महिला मतदाता 43516 हैं, इस प्रकार कुल मतदाता 86220 हैं। जिसके लिए 172 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के प्रथम चरण के मतदान के लिए सामान्य प्रेक्षक डॉ संतोष कुमार देवांगन, जिला मुख्यालय कार्यपालन अधिकारी सरगुजा  विनय अग्रवाल की उपस्थिति में मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण उपरांत मतदान सामग्री वितरण कर अपने-अपने गंतव्य स्थल के लिए रवाना किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!