
अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने एक बोलेरो वाहन चोरी मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरिमा थाना पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान आरोपियों को पकड़ा और चोरी किया गया बोलेरो वाहन, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये है, बरामद किया।
जानकारी के अनुसार सत्यनारायण चौहान, निवासी पर्री दरिमा, ने 2 अक्टूबर 2024 को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर की रात उन्होंने अपना बोलेरो वाहन (क्रमांक CG/15/B/1701) घर के सामने परछी में खड़ा किया था। देर रात वाहन चलने की आवाज सुनकर जब वे बाहर निकले, तो बोलेरो गायब था। उनकी रिपोर्ट पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 134/24 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर दरिमा भाटापारा चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चोरी किए गए बोलेरो वाहन को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन में सवार संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपना नाम महबूब शाह (34 वर्ष) और मकसूद खान (25 वर्ष), दोनों निवासी साईं टांगरटोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर बताया। आरोपियों ने घटना की रात प्रार्थी के घर के बाहर से बोलेरो चोरी करने की बात कबूल की। मौके पर चोरी किया गया वाहन बरामद कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ सबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज प्रजापति, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, विवेक पांडेय, नेतराम पैकरा और उनकी टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रहे।



















