
थाइलैंड की राजधानी बैंकाक के एक एयरपोर्ट पर दो भारतीय महिलाओं को पशु तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 100 से अधिक जानवर बरामद किए गए हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बैंकाक के सुवर्णभूमि हवाईअड्डे पर दो भारतीय महिलाओं को 109 जीवत जानवरों की तस्करी करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
सीएनएन ने थाइलैंड के राष्ट्रीय उद्यान और वन्यजीव संरक्षण विभाग के हवाले से बताया कि एक्स-रे मशीन के जरिये दो सूटकेस में जानवरों के होने का पता चला। जांच के दौरान सामान में दो सफेद साही, दो आर्मीडिलोस, 35 कछुए, 50 गिरगिट और 20 सांप मिले। सूटकेस भारतीय महिलाओं नित्या राजा (38) और जाकिया सुल्ताना इब्राहिम (24) के थे। वे चेन्नई जाने वाली थीं।



















