
छत्तीसगढ़: बिलासपुर में पड़ोसी चाचा व भाई मिलकर किशोरी को अकेला पाकर छेड़खानी कर अश्लील हरकत करने लगे। काफी दिनों तक किशोरी उनकी हरकतों को सहती रही। बाद में तंग आकर उसने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी बारहवीं कक्षा तक पढ़ने के बाद पढ़ाई छोड़ दी है। उसके माता-पिता कमाने खाने के लिए बाहर गए हैं। घर में वह अपने दो छोटे भाई-बहन के साथ रहती है। उसे अकेला पाकर पड़ोस के ही चाचा संजीत गेयल उम्र 2 वर्ष और उसके पड़ोस में रहने वाला 17 वर्षीय नाबालिग भाई मिलकर उसे परेशान करने लगे थे। जब भी वह घर में अकेली रहती, तब दोनों घर पहुंच जाते।
चाचा संजीत उससे प्यार करने की बात कहता था। लेकिन, किशोरी उनकी हरकतों को नजरअंदाज करती रही। धीरे-धीरे कर दोनों की नीयत बिगड़ने लगी। कुछ दिन पहले दोनों ने मिलकर उससे छेड़खानी भी की थी। तब किशोरी ने उन्हें मना किया था। साथ ही उन्हें घर नहीं आने की चेतावनी दी थी। इसके बाद भी दोनों युवक उसके घर पहुंच जाते। आए दिन की उनकी हरकतों से परेशान होकर किशोरी सोमवार की शाम शिकायत लेकर तोरवा थाने पहुंच गई। पुलिस ने उनके खिलाफ घर घुसकर छेड़खानी करने का मामला दर्ज कर लिया है।
दबिश देकर पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई। दोनों युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने उनके घर में दबिश दी और उन्हें पकड़ लिया। पुलिस उन्हें हिरासत में थाने लाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने संजीत के साथ ही नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
रिश्तेदारों के भरोसे छोड़कर गए हैं माता-पिता
पुलिस ने पूछताछ कर जानकारी जुटाई, तब पता चला कि किशोरी के घर की आर्थिक स्थिति कमजोर है। यही वजह है कि उनके माता-पिता कमाने के लिए बाहर गए हैं। उन्होंने अपने बच्चों की देखभाल करने के लिए पड़ोसी रिश्तेदारों को जिम्मेदारी दी थी। लेकिन, मौका पाकर पड़ोसी रिश्तेदार ही बुरी नीयत रखने लगे थे।



















