
बलरामपुर: संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में संभागीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा संभाग डॉ. पी.एस. सिसोदिया के अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक व कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्यतः संगवारी संस्था से आए डॉ. चेतन मलिक द्वारा सर्पदंश पर ईलाज की जानकारी दी गई। उन्होंने सर्पदंश में किस प्रकार इलाज किया जाता है इसके बारे में विस्तारपूर्वक बताया। साथ ही उन्होंने एंटी स्नेक वेनम की उपयोगिता के बारे में बताया। इस दौरान जापा ईगो संस्था से आए सलाहकार द्वारा मौसमी बीमारी एवं एपिडेमिक पर जानकारी प्रदान की गई। जिसमें मौसमी बीमारी संबंधित प्रकरण जैसे डायरिया डिसेंट्री जैसे समस्त रोगों का इलाज बताया गया। संभागीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. पी.एस. सिसोदिया के द्वारा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए आने वाले समय में समस्त कार्यों का संपादन सही ढंग से करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही उन्होंने जन जागरूकता फैलाते हुए हितग्राहियों तक समस्त स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कहा। उक्त बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रेमचंद बनर्जी व जिला चिकित्सालय बलरामपुर सिविल सर्जन, समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित थे।



















