
नई दिल्ली। कई राज्यों को भिगोते हुए दिल्ली पहुंचे मानसून ने जबरदस्त दस्तक दी है। पहली और महज 24 घंटे की बारिश ने 88 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। गुरुवार सुबह से शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 228.1 मिमी हुई वर्षा 124 साल (1901 से लेकर 2024 तक) का ऑल टाइम रिकार्ड तोड़ने से थोड़ा ही पीछे रह गई।
इस बरसात ने न सिर्फ मार्च से जून तक बल्कि मानसून की कुल वर्षा का भी एक तिहाई कोटा पूरा कर दिया है। आगामी चार जुलाई तक रोजाना वर्षा होने का अनुमान है। शनिवार और रविवार को भारी वर्षा हो सकती है।मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शुक्रवार को भारतीय समयानुसार सुबह लगभग 2.45 बजे नई दिल्ली के उत्तर में एक तूफान आया था। उत्तर प्रदेश में पहले से आए एक बड़े तूफान की उपस्थिति ने इसके असर को और अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाई। इसीलिए इतनी रिकार्ड बरसात हुई।
बारिश से न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गुरुवार को यह 28.6 डिग्री रहा था। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पहले यह 35.4 डिग्री रहा था। हवा में नमी का स्तर 100 से 71 प्रतिशत रिकार्ड हुआ।
मानसून की पहली वर्षा में राजधानी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस कारण हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
लुटियंस दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों के साथ सैन्य अधिकारी, केंद्रीय अधिकारी व उद्योगपतियों के बंगले भी जलभराव की जद में आ गए। उनके घरों में दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया। सपा नेता व सांसद राम गोपाल यादव को उनके कर्मचारियों ने घर से गोद में लेकर कार तक पहुंचाया, जिससे वह संसद जा सके।



















