
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में दुपहिया वाहन चोरी के तीन मामलों में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की गई दुपहिया वाहन बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार रंधीर ठाकुर ने 21 नवंबर 2024 को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी/13/एएन/5542) उनके घर के आंगन से चोरी हो गई। दूसरी घटना 6 जुलाई 2024 को प्रार्थी अभिषेक कुमार गुप्ता की होंडा स्कूटी (सीजी/15/डीएफ/3704) उनके घर के सामने से चोरी हुई। तीसरी घटना 14 जून 2024 को प्रार्थी अमित सिंह की टीवीएस जुपिटर स्कूटी (सीजी/15/डीजे/6064) उनके घर के पोर्च से चोरी कर ली गई। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थलों और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अध्ययन किया। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी रामेश्वर उर्फ अत्ता दास (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने तीनों चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर तीन दुपहिया वाहन बरामद किए गए। आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी के कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
इस कार्रवाई में थाना मणीपुर प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुजूर और अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।



















