
अस्ताना। अजरबैजान एयरलाइंस का एक यात्री विमान बुधवार को कजाकिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा कजाकिस्तान के अक्टौ शहर के पास हुआ। विमान ने अजरबैजान से रूस के लिए उड़ान भरी थी।इस विमान में 67 यात्री और पांच क्रू मेंबर शामिल थे। कजाकिस्तान के अधिकारियों ने 12 लोगों के बचने की जानकारी दी है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक विमान लैंडिंग के वक्त जमीन से टकरा गया और उसमें आग लग गई। हादसे के तुरंत बाद राहत-बचाव का काम शुरू किया गया।हादसे में जिंदा बचे लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अजरबैजान एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर कहा है कि एम्ब्रेयर 190 एयरक्राफ्ट, जिसका फ्लाइट नंबर J2-8243 था, बाकू से चेचन्या के लिए निकला था।लेकिन घने कोहरे के कारण विमान का रूट डायवर्ट करना पड़ा। कजाकिस्तान के अधिकारियों ने कहा कि वह घटना के हर संभव पहलू की जांच कर रहे हैं। माना जा रहा है कि हादसे के पीछे कोई तकनीकी गड़बड़ रही होगी।



















