
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर में रामनवमी पर सर्व समाज के जन सहयोग से नगर में बाइक रैली, शैला नृत्य, डीजे साउंड, ढोल नगाड़ों, आतिशबाजी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरूष, बच्चें शामिल हुए। नगर में जगह-जगह ड्रोन कैमरा से फूल वर्षा की। जय-जय श्री राम के नारों से गूंजा नगर।

रामनवमी पर मां महामाया मंदिर प्रांगण से शुक्रवार को
हिंदू संगठनों ने भगवान श्रीराम और हनुमान की जीवित झांकी की पूजा अर्चना कर शोभायात्रा के रथ को रवाना किया। वही बारिश चालू हो गई भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, जानकी माता व हनुमान छतरी लगाए हुए बैठे थे।शोभायात्रा बस स्टैंड, गांधी चौक, पेट्रोल पंप, नवकी मोड़ से होते हुए अनेक स्थानों से गुजरी। शोभायात्रा में लोगों ने घरों की छतों पर चढ़कर जमकर पुष्प वर्षा की। साथ ही शोभायात्रा में महिलाओं और पुरुषों ने हाथों में केसरिया ध्वज लेकर श्रीराम के जयकारें लगाए।शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण, जानकी समेत अनेक झाकियां साथ चल रही थी। वही बैंड बाजे और डीजे की धुन पर सफेद वस्त्रों में केसरिया साफा धारण किए युवा नाचते झूमते नजर आ रहे थे। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने स्वागत किया। कई जगह पानी और शरबत आदि की व्यवस्था की गई, पूरा नगर भगवामय हो गया। इस दौरान हिंदू संगठन के पदाधिकारी, नगरवासी, ग्रामवासी उपस्थित थे।



















