
कोरिया: केंद्रीय मंत्री और भरतपुर-सोनहत से भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि, उन्हें किसी से डरने घबराने की जरूरत नहीं है, जो सीमा पार करना चाहते है करिए। आप 56 इंच वाले मोदी जी के दल के कार्यकर्ता हैं। इस इरादे के साथ आपको चुनावी रण में उतरना है। रेणुका केल्हारी में चुनाव प्रचार के लिए पहुंची थीं।
कार्यकर्ताओं से रेणुका सिंह ने कहा कि जब मैं भाजपा मंडल अध्यक्ष थी तो मेरे ऊपर 12 केस लगे थे, 200 धाराएं लगी थी। कोई पुलिस वाला आपका रास्ता रोकना चाहे, तो जो सीमा पार करना चाहते हैं करिए। मैं वो नेता हूं कि जो मेरे कार्यकर्ता की एक उंगली काटेगा तो मैं उसका एक हाथ काटकर दूसरे हाथ में देना जानती हूं।
कार्यकर्ता सम्मेलन में रेणुका सिंह ने कहा कि, अधिकारियों को प्रेशर देकर इन्होंने बहुत पैसे कमाए। जिन अधिकारियों ने पैसा नहीं दिया, उनका रातों-रात ट्रांसफर करा दिया। अब इस क्षेत्र भूपेश की नजर होगी, जिसका विधायक डरा हुआ है। वे हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान करेंगे।



















