
रायपुर: जिस रिसार्ट में झारखंड से आए विधायकों को ठहराया गया है, वहां उनके पहुंचने से कुछ समय पहले विदेशी शराब से भरी गाड़ी मिलने के बाद बवाल शुरू हो गया है। भाजपा ने शराब से भरी गाड़ी का वीडियो इंटरनेट मीडिया में साझा करके सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने वीडियो ट्वीट किया और कहा कि भूपेश जी कान खोलकर सुन लीजिए, छत्तीसगढ़ अय्याशी का अड्डा नहीं है, जो छत्तीसगढ़ियों के पैसे से झारखंड के विधायकों को दारू मुर्गा खिला रहे हैं। असम हरियाणा के बाद अब झारखंड के विधायकों का डेरा। इन अनैतिक कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ महतारी आपको कभी माफ नहीं करेगी।
भूपेश जी कान खोलकर सुन लीजिए!
— Dr Raman Singh (@drramansingh) August 30, 2022
छत्तीसगढ़ अय्याशी का अड्डा नहीं है, जो छत्तीसगढ़ियों के पैसे से झारखंड के विधायकों को दारू-मुर्गा खिला रहे हैं।
असम, हरियाणा के बाद अब झारखंड के विधायको का डेरा, इन अनैतिक कार्यों के लिए
छत्तीसगढ़ महतारी आपको कभी माफ नहीं करेगी। pic.twitter.com/rBxQl51esd
ज्ञात हो कि झारखंड सरकार पर छाए संकट और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सदस्यता खत्म किए जाने के बीच सत्ताधारी गठबंधन विधायकों को एकजुट रखने की चुनौती से जूझ रहा है। छह दिनों बाद भी इस मामले पर राजभवन की चुप्पी के बाद मंगलवार को हेमंत सरकार के चार मंत्रियों समेत 31 विधायक इंडिगो के चार्टर्ड प्लेन से रायपुर रवाना हो गए। मंत्रियों और विधायकों के साथ कांग्रेस और झामुमो के कई वरिष्ठ नेता भी गए हैं। रायपुर भेजे गए सभी चार मंत्री आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख कांग्रेस पार्टी के हैं। शेषष मंत्रियों को एक सितंबर को होनेवाली कैबिनेट की बैठक के लिए रांची में ही रोका गया है।
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भगोड़े विधायकों को छत्तीसगढ़ लाकर अय्याशी करवाया जा रहा है। सरकारी गाड़ी में शराब को होटल में पहुंचाया जा रहा है। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने ट्वीट किया कि सरकारी गाडि़यों में विदेशी शराब पहुंचाकर झारखंड के विधायकों का इंतजाम कराने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उलटी गिनती अब शुरू हो गई है। प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने ट्वीट किया कि सत्ता के नशे में मदहोश भूपेश बघेल ने झारखंड के विधायकों को मदहोश करने की व्यवस्था कर दी है।
दरअसल, भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की एक टिप्पणी आई थी। इसमें मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जामवाल ने सभी को जाम पिलाकर मस्त कर दिया है। मूणत की इस टिप्पणी को मुख्यमंत्री बघेल के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के इंतजाम अली हमेशा एक पैर पर खड़े रहते हैं। कांग्रेस के एटीएम अपने मालिक के हुक्म पर बाहरी विधायकों की सेवा में जुट गए हैं।



















