उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए छठे चरण का मतदान प्रारंभ हो गया है। दस जिलों के 57 विधानसभा क्षेत्र के लिए मॉक पोलिंग के बाद मतदान प्रारंभ हो गया है।

छठे चरण में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ उनके सात मंत्रियों, नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी तथा बसपा विधायक दल के नेता उमाशंकर सिंह व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की प्रतिष्ठा दांव पर है। इस चरण में 2.15 करोड़ मतदाता सीएम योगी आदित्यनाथ सहित 676 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 66 महिला प्रत्याशी हैं। वर्ष 2017 में 57 सीट में 46 सीटों पर भाजपा का कब्जा था।

पूजा-पाठ के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया मतदान :

प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरखपुर के गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को भी अपनी दिनचर्या के अनुरूप पूजा-पाठ के बाद गौ-सेवा की और फिर मतदान केन्द्र पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए गोरखपुर के प्राथमिक विद्यालय गोरखनाथ कन्या नगर क्षेत्र में अपना वोट डाला। इससे पहले उन्होंने अपनी कर्मस्थली गोरखनाथ मंदिर में पूजा की।

सीएम योगी व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी सहित कई की प्रतिष्ठा दांव पर :

छठे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर सीट से चुनाव मैदान में हैं। बलिया की बांसडीह से नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी सपा प्रत्याशी हैं। इटवा सीट से बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी मैदान में हैं तो उनसे मुकाबले में सपा के कद्दावर नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं। फाजिलनगर सीट से स्वामी प्रसाद मौर्य सपा प्रत्याशी हैं। इसी तरह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कुशीनगर की तमकुहीराज से चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा प्रत्याशिमों में प्रमुख नाम रसड़ा से चुनाव लड़ रहे उमाशंकर सिंह का है। देवरिया की पथरदेवा सीट से कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सिद्धार्थनगर की बांसी सीट से स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह गोरखपुर की खजनी सीट से उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीराम चौहान, बलिया की फेफना सीट से खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, बलिया की बैरिया सीट से ग्राम्य विकास राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला व गोरखपुर के चौरीचौरा विधान सभा क्षेत्र से पशुधन राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट से लालजी वर्मा व अकबरपुर से राम अचल राजभर सपा के टिकट से चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!