
नई दिल्ली। कई राज्यों में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 सितंबर यानी आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कोंकण गोवा और तटीय कर्नाटक में अत्यंत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, झारखंड, केरल और पूर्वोत्तर भारत में भी झमाझम बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा में तीन दिनों के दौरान बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा और मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में 24-27 सितंबर के दौरान भारी वर्षा की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम राजस्थान और कच्छ के कुछ स्थानों से अपनी सामान्य तिथि 17 सितंबर की जगह 23 सितंबर को वापस चला गया है।
26 सितंबर को मौसम विभाग ने 19 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। कोंकण गोवा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, उप हिमालयीय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और गुजरात के सौराष्ट्र व कच्छ में भारी बारिश की संभावना है।
कोंकण गोवा में 25 सितंबर को भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात और असम में ऑरेंज अलर्ट है। यहां बहुत भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की उम्मीद है।
27 सितबंर यानी शुक्रवार को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, उप हिमालयीय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात में भारी बारिश हो सकती है।
28 सितंबर को नौ राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी है। गुजरात, केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 29 सितंबर को सिर्फ चार राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और केरल में भारी बारिश का अलर्ट है।



















