
रायपुर: छत्तीसगढ़ में बुधवार को द्रोणिका के प्रभाव से हल्की से मध्यम वर्षा हुई। दिनभर छाए काले बादल और रुक-रुक कर हुई रिमझिम वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को मध्य छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है
रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से ही रिमझिम बरसा शुरू हो गई। दोपहर में कुछ देर के लिए रुकी, लेकिन बादल छाए रहे। शाम को फिर बूंदाबांदी हुई। रायपुर का अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस गिरा है। यहां अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र कोरबा में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मानसून द्रोणिका के प्रभाव से गुरुवार को भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से मध्य छत्तीसगढ़ रहेगा।
बीती रात काले बादलों के बीच हल्की बारिश हुई। पूरी रात आसमान बादलों से ढंका रहा। बुधवार की सुबह भी मौसम बारिश के अनुकूल रहा। यही कारण है कि 11 बजे तक रूक-रूककर बारिश होती रही। बीती रात करीब छह व दिन में 13 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।
बताया गया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर उड़ीसा के ऊपर स्थित है। मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर स्थित है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार गुरुवार को हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीटें पड़ने की संभावना है। इसके अलावा वज्रपात होने व भारी वर्षा होने की भी संभावना है। चंद्रा के अनुसार भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।



















