
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक गेस्ट हाऊस में शादी की रस्में शुरू होने ही जा रही थी कि वहां भयंकर बवाल कट गया। इसके बाद दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच में मारपीट शुरू हो गया आरोप यह है कि बारातियों ने दुल्हन पक्ष के लोगों के साथ इस कदर मारपीट की कि उन्हें खुद को एक कमरे में बंद करके अपनी जान को बचाना पड़ा। इस मामले की जानकारी जब पुलिस को मिली तो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और दुल्हन पक्ष के लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
आपको बता दें कि अलगीढ़ के खैर थाना क्षेत्र के गांव एदलपुल के निवासी कमलादास की बेटी की शादी छज्जनलाल नाम के शख्स के बेटे से तय हुई थी। 17 नवंबर को दुल्हन पक्ष के लोग और सभी मेहमान शादी के लिए तय की गई जगह पर पहुंच गए। अभी शादी के लिए रस्में शुरू होने वाली थी मगर उससे पहले ही दूल्हा पक्ष की तरफ से आए 8-10 लड़के जो नशे में धुत थे, उन्होंने कमलादास की भतीजी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसका उन लोगों ने विरोध किया तो वहां मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में शादी का समारोह युद्ध का मैदान बन गया।
इसके बाद दूल्हे की तरफ से अन्य करीब एक दर्जन से अधिक लोग आ गए और दुल्हन पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसमें यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि गेस्ट हाउस में पथराव व जमकर फायरिंग की गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोग खुद को बचाने के लिए एक कमरे में जाकर उसे बंद कर दिया।
इतनी भयंकर मारपीट होने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और कमरे में बंद सभी लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से 3 लोग जो गंभीर रूप से घायल थे, उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया और अन्य 7 लोगों को वहीं पर भर्ती कर लिया।
दुल्हन के पिता ने क्या कहा?
इस मामले में दुल्हन के पिता कमलादास का कहना है कि, ‘वो अपनी बेटी की शादी वहां नहीं करेंगे क्योंकि उनके साथ धोखा हुआ है। मिठाई को लेकर उनकी भतीजी के साथ बदतमीजी की गई और छेड़खानी हुई।’ उन्होंने आगे कहा कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने दावत के लिए 3 लाख रुपये लेकर उन्हें अलीगढ़ बुला लिया। वहां 20-25 लोगों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। इस मारपीट में उनके 2 भतीजे गंभीर रूप से घायल हैं। इसके अलावा तीन महिलाएं भी घायल हैं। कमलादास ने यह भी बताया कि गेस्ट हाउस में दूल्हे पक्ष के लोगों ने जमकर पथराव किया और गोलियां भी चलाई हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में लगी हुई है।



















