
बलरामपुर: ग्रामीण महिलाएं भी अब आत्मनिर्भर बनकर परिवार की आर्थिक सहायता पहुंचाने के लिए आगे आ रही है। महिलाओं द्वारा स्व-सहायता समूह का गठन कर विभिन्न आजीविका संवर्धन गतिविधियां किया जा रहा है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी के बकसपुर ग्राम की तोता महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं को राजपुर में आयोजित जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों मिनी राइस मिल प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री के हाथों मिनी राइस मिल पाकर महिलाएं अत्यंत प्रसन्न हुई। तोता महिला समूह की सुषमा पैंकरा, संगीता पैंकरा व उमावती पैंकरा के चेहरे में मुख्यमंत्री से भेंट करने एवं उनके हाथों राइस मिल पाने से खुषी की लहर दौड़ गई। महिलाओं ने कहा कि आज कार्यक्रम में उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर बनाने के लिए सौगात दी गई है। जिससे समूह की महिलाओं में उत्साह व्याप्त है। उन्होंने बताया कि अब वे अपने गांव में मिनी राइस मिल का संचालन कर अतिरिक्त आय अर्जित करेंगी। इससे उनके परिवार की आमदनी में वृद्धि होगी एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगे। साथ ही घरेलू जरूरतों एवं अपनी निजी आवश्यकताओं की पूर्ति करने मे सक्षम बनेंगी।
महिलाओं ने बताया कि उनके गांव के लोग अनाज कुटवाने, गेहूं चावल पीसवाने दूसरे गांव जाते हैं। इससे लोगों के समय और धन भी अधिक खर्च होता है। लेकिन अब मिनी राईस मिल के माध्यम से वे अपने गांव में ही धान मिलिंग की सुविधा प्रदान कर सकेंगी जिससे लोगों को समय व धन की बचत होगी। महिलाओं ने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन की तहत स्व सहायता समूह से जुड़ी है। उनके द्वारा गांव में सक्रिय रूप से अनेक प्रकार की मल्टी एक्टिविटी की जाती रही है। उनके द्वारा जिले की प्रसिद्ध सुगंधित जीराफूल चावल का प्रसंस्करण कर स्थानीय बाजारों में विक्रय किया जाता रहा है। जिससे उन्हें अच्छी आमदनी होती है। महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को उनके स्वावलंबन की राह में अग्रसर करने हेतु आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।



















