
जशपुर। महिलाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में पांच नए महिला थानों की स्थापना की गई है। इसी क्रम में दिनांक 10 मार्च 2025 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंद्रखुरी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़, जगदलपुर, दंतेवाड़ा और जशपुर जिले के महिला थानों का लोकार्पण किया।
लोकार्पण के पश्चात जशपुर जिले में स्थित एसडीओपी कार्यालय परिसर मे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनिल कुमार सोनी द्वारा महिला थाना का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक आशा तिर्की सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
महिला थाना की स्थापना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। यहां विशेष रूप से महिला अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं, ताकि पीड़ित महिलाएं अपनी समस्याएं बेझिझक और सुरक्षित माहौल में रख सकें। वर्तमान में निरीक्षक आशा तिर्की को महिला थाना प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है, साथ ही दो महिला प्रधान आरक्षक, चार महिला आरक्षक और एक अन्य आरक्षक की तैनाती की गई है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री निवास बगिया से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय के लिए नोनी रक्षा रथ” की शुरुआत की गई थी। इसके तहत जशपुर पुलिस ने महिलाओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479128400।जारी किया था, जहां पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकती हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर की महिलाओं के लिए, महिला थाना के उद्घाटन से, महिला संबंधी अपराध के निराकरण में गति आएगी, नोनी रक्षा दल भी पूर्ववर्त करता रहेगा, नोनी रक्षा दल द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर अभी भी अमल में लाया जाएगा



















