
नई दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ों में मौसम बदलने लगा है। उत्तराखंड में शनिवार को मौसम साफ रहा, लेकिन अगले तीन दिन मौसम करवट बदल सकता है। सोमवार के लिए मौसम का यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में सिलक्यारा की सुरंग में चल रहे राहत कार्यों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।वहीं, जम्मू-कश्मीर विशेषकर घाटी में शुष्क मौसम के बीच न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। श्रीनगर समेत अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू शून्य से नीचे बना हुआ है। हिमाचल में रविवार से वर्षा व हिमपात की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।
उत्तराखंड में सोमवार से उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले क्षेत्रों में वर्षा व ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय रहेगा। इसके कारण पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ समेत 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा व ओलावृष्टि भी हो सकती है।
कश्मीर में अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर समेत कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू शून्य से नीचे बना हुआ है। पहलगाम न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस के साथ कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा, जबकि श्रीनगर व गुलमर्ग में पारा -1.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौजूद सर्दियों में श्रीनगर में यह दूसरी बार है जब न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से इतना नीचे चला गया हो।
जम्मू में भी हल्की धूप रही। यहां सुबह व शाम को तो काफी ठंड है, लेकिन दिन में राहत है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने तीन दिसंबर तक पश्चिमी विक्षोभ के हल्के प्रभाव को छोड़कर कश्मीर में मौसम में कोई बड़ा परिवर्तन न आने की संभावना जताई है।
हिमाचल में 26 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका प्रभाव 30 नवंबर तक रहेगा। 27 नवंबर को यलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन किन्नौर और लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी जिलों में आंधी चलने के साथ वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट आने की आशंका जताई है। शनिवार को दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई और दोपहर बाद हल्के बादल छा गए। इस कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।



















