बलरामपुर: शासन की महत्वाकांक्षी योजना गोधन न्याय योजनांतर्गत गोबर खरीदी, वर्मी सुपर कम्पोस्ट निर्माण, चारागाह, बाड़ी विकास, मल्टीएक्टिविटी एवं गौठान मैप की प्रगति के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीता यादव ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली।

बैठक में कृषि एवं समवर्गीय विभाग के विभाग प्रमुखों एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों से गौठान में संचालित विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने कहा कि गौठानों में नियमित रूप से गोबर की खरीदी की जाए, साथ ही गोबर खरीदी को बढ़ावा देने हेतु अधिक से अधिक पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए जमीनी स्तर के कर्मचारियों को निर्देशित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर गौठानों को मल्टीएक्टिविटी सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक स्वसहायता समूह की महिलाओं को आजीविका उपलब्ध कराकर उनका आर्थिक विकास किया जा सके। गौठानों में वर्मी सुपर कम्पोस्ट निर्माण, बाड़ी विकास, चारागाह, मल्टीएक्टिविटी एवं गौठान मैप में एण्ट्री हेतु गौठानों के नोडल सचिवों को निर्देशित किया गया।

बैठक में उप संचालक पशुपालन डॉ. बी.पी.सतनामी, सहायक संचालक मत्स्य श्री राजेन्द्र सिंह, सहायक संचालक उद्यान पतराम सिंह सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!